उत्तराखंड में चिकित्सा लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आने के बाद अब राज्य मेडिकल काउंसिल ने सख्त कदम उठाया है। मरीज के इलाज में गंभीर चूक पाई गई। मसूरी रोड़ स्थित मैक्स अस्पताल में एक मरीज के गलत इलाज और लापरवाही के मामले में काउंसिल ने दो डॉक्टरों का पंजीकरण दो महीने के लिए निलंबित कर दिया है। अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने पर 10 लाख रुपए का हर्जाना लगाया गया है।
दरअसल ये पूरा मामला चार अप्रैल 2025 का है। कर्नल अमित कुमार दोउली शिकायत से जुड़ा है। उनकी पत्नी बिन्देश्वरी देवी की मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद उनके पति ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया और यूकेएमसी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में कहा गया था कि न्यूरोसर्जरी वार्ड में पत्नी के भर्ती रहने के दौरान न तो समय पर चिकित्सा की सुविधा दी गई। साथ ही आवश्यक सतर्कता भी नहीं बरती गई।
जांच में अस्पताल की लापरवाही सामने आई। जिसके बाद अस्पताल को पीड़ित को 10 लाख रुपए का हर्जाना देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चिकित्सक डॉ. आनंद मोहन ठाकुर, डॉ. मुकेश बिष्ट का दो महीने के लिए पंजीकरण निरस्त किया गया है। जिसके चलते वो अस्पताल में इस दौरान सेवाएं नहीं दे पाएंगे।
अन्य चिकित्सकों को भी चेतावनी जारी कर दी गई है। तो वहीं इसमें मैक्स अस्पताल के प्रबंधन की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उनका कहना है कि उन्हें इस तरह का अभी कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
