विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026’ का भव्य आगाज हो गया है. इस नेशनल चैंपियनशिप में 17 राज्यों की टीमों के अलावा आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सेना की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं. राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आगाज जाइंट सलालम महिला वर्ग की रेस के साथ हो गया है. पहले दिन जाइंट सलालम प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया.
औली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल 2026 का शुभारंभ उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा रहा है. देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक संभावनाओं का अद्वितीय संगम है.
नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल में प्रदर्शनी भी लगाई गई. स्थानीय उत्पाद प्रदर्शनी को लोगों ने खूब सराहा. इसके अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सबका मन मोहा. इस दौरान मां नंदा देवी डोली का मंचन भव्य रहा. साथ ही अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया.
ये टीमें ले रही हिस्सा-
- हिमाचल- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
- तेलंगाना- ( अल्पाइन)
- ओडिशा- (अल्पाइन)
- महाराष्ट्र- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
- लद्दाख- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
- जम्मू कश्मीर- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
- गुजरात- (अल्पाइन)
- दिल्ली- (अल्पाइन)
- कर्नाटक- (स्की माउंटेनियरिंग)
- हरियाणा- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
- पंजाब- (अल्पाइन )
- उत्तरप्रदेश- (स्की माउंटेनियरिंग)
- सीआरपीएफ- (स्की माउंटेनियरिंग एंड अल्पाइन)
- आईटीबीपी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
- आर्मी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
- उत्तराखंड ए- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
- उत्तराखंड बी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
