उत्तराखंड में अभी प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर जानलेवा हमले का मामला शांत ही हुआ था कि इसी तरह का एक और विवाद सामने आया है. देहरादून जिले के विकासनगर थाना क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई है. इस घटना का भी वीडियो सामने आया है. इस मामले में भी दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस मामले में कालसी चकराता वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकार राजीव नयन नौटियाल ने पुलिस को तहरीर दी है. उप प्रभागीय वनाधिकार राजीव नयन नौटियाल की तरफ से कोतवाली विकासनगर को दी शिकायत के अनुसार 27 फरवरी शाम को करीब साढे पांच बजे वो अपने कार्यालय कालसी से वापस जा रहे थे, तभी उन्होंने बाडवाला क्षेत्र में हरिपुर से यमुना नदी की ओर एक डंपर जाता हुआ दिखाई दिया. उन्होंने कुछ आशंका हुई, इसीलिए वो वीडियो भी बनाने लगे.
उप प्रभागीय वनाधिकार राजीव नयन नौटियाल का आरोप है कि उनके वीडियो बनाने का कुछ लोगों विरोध किया. इसके साथ ही उनके साथ कुछ लोगों ने मारपीट करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली गई. प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 115(2), 352, 324(2),121(1),132,191(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया.
वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष की तरफ से भी तहरीर दी गई है. बाडवाला निवासी मनीष चौहान की शिकायत पर पुलिस ने धारा 115(2), 324(2), 351(3), 352 बीएनएस और 3(1)(द)/3(1)(ध) एससी/एसटी एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया गया
इस मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला ने बताया कि 27 फरवरी को राजीव नयन नौटियाल एसडीओ कालसी वन विभाग द्वारा थाना विकास नगर में तहरीर दी गई. तहरीर में उन्होंने बताया कि वह शाम 5:30 बजे अपने कार्यालय से आ रहे थे, तभी उन्हें हरिपुर यमुना नदी पर एक डंपर दिखाई दिया. जिसका विडियो बनाते समय वहां पर कुछ लोगों द्वारा विरोध किया गया और उनके साथ हाथापाई की गई. इस आरोप पर उनके द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है और इस पर विधिक कार्रवाई की जा रही है.
साथ ही दूसर पक्ष ने भी तहरीर दी है. उनके द्वारा भी पहले पक्ष पर हाथापाई का आरोप लगाया गया है. इस प्रकार दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किए गए है, जो तथ्य सामने आएगें विधि संवत कार्रवाई की जाएगी.
