उत्तराखंड पुलिस ने इन दिनों नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रखा है. इसी क्रम में नैनीताल जिले के रामनगर में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रामनगर कोतवाली पुलिस ने 45 किलो गांजे के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुप बताई जा रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है.
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने इस पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पीरुमदारा चौकी इंचार्ज सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में गांजा लेकर तस्कर मालधन रोड की ओर जा रहा है.
मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में नाकेबंदी शुरू की. इसी बीच पुलिस को आम पोखरा 64 गेट के पास स्कॉर्पियो गाड़ी आती हुई दिखी, जो पुलिस को कुछ संदिग्ध लगी. पुलिस ने स्कॉर्पियो रुकवाई तो उसमें एक व्यक्ति ही बैठा हुआ था, जो पुलिस को घरबा गया, जिससे पुलिस का शक उस पर और बढ़ गया.
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें से 45 किलो से अधिक गांजा मिला. पुलिस पूछताछ में कार सवार व्यक्ति ने अपना नाम हरजीत सिंह निवासी मानपुर काशीपुर (उधम सिंह नगर) बताया. पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को सीज कर दिया.
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि बरामद गांजे की बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है. उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की गई है.
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस की विशेष टीम अवैध नशे के काले कारोबार पर लगातार निगरानी रख रही है. इस तरह की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. आने वाले दिनों में नशे के सौदागरों पर और बड़ी कार्रवाई की जाएगी,. ताकि रामनगर क्षेत्र को नशा मुक्त बनाया जा सके.
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का प्रयास है कि साल 2025 तक देवभूमि को अवैध नशे से मुक्त किया जाए. इसको लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जरूर दिशा-निर्देश भी दिए थे. देवभूमि को अवैध नशे से मुक्त कराने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रहा है, जिसके पुलिस को काफी सफलता भी मिल रही है.
