राजधानी देहरादून में बीते दिनों दून हॉस्पिटल के सामने गोली चलने के मामले में फरार पांचे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने बीती रात ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था. दोनों आरोपियों के पैर में गोली थी. हालांकि इसी बीच तीसरा आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने सुबह गिरफ्तार कर लिया. तीसरा आरोपी डोईवाला क्षेत्र से पकड़ा गया है.
पुलिस ने बताया कि हाल ही में दून अस्पताल के सामने फायरिंग की घटना हुई थी. इस दौरान एक युवक के पैर में गोली लगी थी. इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज मामले की जांच शुरू की थी. पुलिस ने शुरू में दो आरोपी रोहन आर्य और विशाल तोमर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. दोनों आरोपियों ने पूछताछ में तीन और साथियों का नाम बताया था, जो फरार चल रहे थे.
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगी हुई थी. इसी बीच बुधवार रात पुलिस कंट्रोल रूम को सफेद रंग की स्कूटी के बारे में सूचना मिली. पुलिस को बताया कि स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी और उस पर तीन व्यक्ति बैठे हुए है. तीनों संदिग्ध लग रहे है और वो छिद्दरवाला से लालतप्पड़ की ओर जा रहे है.
सूचना के आधार पर पुलिस ने बैरिकेडिंग करते हुए चेकिंग शुरू की. इसी दौरान पुलिस टीम को संदिग्ध स्कूटी छिद्दरवाला से लालतप्पड़ की ओर आते हुए दिखाई दी, जिस पर तीन संदिग्ध लोग सवार थे. जैसे ही पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो वो वापस मुड़कर रांग साइड से ही छिद्दरवाला की ओर वापस भागने लगे.
पुलिस ने भी तुरंत आरोपियों का पीछा किया. पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने अपनी स्कूटी काली मंदिर के निकट जंगल के कच्चे रास्ते पर उतारकर तेजी से भागने का प्रयास का किया. जंगल में करीब 100 मीटर अंदर जाकर आरोपियों की स्कूटी गिर गई. तभी आरोपियों ने जान मारने की नियत से पुलिस पर फायरिंग की.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों को लगी गोली: पुलिस की तरफ से भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई. इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी. हालांकि इस बीच एक आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गया. गोली लगने के बाद पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचे, चार जिंदा और कारतूसों के दो खोखे बरामद हुए. पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोहेल खान और सानू के रूप में हुई.
