पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. घटना की शिकायत के बाद आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. युवक पर नाबालिग और पड़ोसी महिला के साथ छेड़छाड़ व घर में घुसकर तोड़फोड़ का भी आरोप लगा है.
अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर क्षेत्र में एक नाबालिग और महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला 21 अक्टूबर 2025 का है, जब सोमेश्वर क्षेत्र निवासी एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक युवक ने उसकी नाबालिग बहन और पड़ोसी महिला के साथ छेड़छाड़ की व उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की.
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली सोमेश्वर में धारा 75/324 बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए. एसएसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और सीओ अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई.
विवेचक उपनिरीक्षक सरोज कम्बोज के साथ पुलिस टीम ने घटना से संबंधित जानकारी और सबूत जुटाकर आरोपी की पहचान कर ली. पुलिस टीम ने 22 अक्टूबर 2025 को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है. पुलिस ने बताया कि समाज में इस तरह के अपराधों के प्रति सख्त रवैया अपनाया जाएगा और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगी. अल्मोड़ा पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से आमजन में राहत की भावना है और क्षेत्र के लोगों में पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है.
